यूथ कांग्रेस में 3-3 कार्यकारी अध्यक्ष, अभिमन्यु पूनिया बोले – ‘कार्यकर्ता होने के नाते काम करूंगा!

राजस्थान तक

• 12:42 PM • 15 Jun 2023

3-3 Working President in Youth Congress, Abhimanyu Poonia said – ‘I will work as an activist!

follow google news

राजस्थान कांग्रेस में सब ठीक होने की खबरें आईं। अब खबरें ये भी है कि पार्टी की यूथ विंग में कुछ ठीक नहीं चल रहा। यूथ कांग्रेस की कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव जब विवादों में आए तो इसका रिजल्ट रोक दिया गया। प्रत्याशियों ने आरोप लगाए थे उनके द्वारा दिए गए लाखों वोटों को बिना किसी वजह से रिजेक्ट कर दिया गया। तीन युवा नेताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर शिकायतें दर्ज कराई थी। कहा जा रहा है कि पायलट गुट से आने वाले अभिमन्यु पूनिया चुनाव न जीत जाएं इसलिए गहलोत गुट की ओर से वोटिंग काउंटिंग में गड़बड़ी के आरोप लगा दिए।फिलहाल यूथ विंग में तालमेल और शांति बनाए रखने के लिए चुनाव में सर्वाधिक वोट पाने वाले तीन युवा नेताओं को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया है। इस वोटिंग में अभिमन्यु पूनिया को 230079 वोट मिले। जबकि सुधींद्र मूंड को 197385 और यशवीर सूरा 159640 वोट मिले। इस चुनाव में 20 लाख से ज्यादा लोगों ने वोटिंग की। हैरानी की बात ये है कि 75 प्रतिशत वोटों को खारिज कर दिया गया। अब सवाल यह उठता है कि कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर ऑनलाइन वोटिंग हुई थी तो उसका परिणाम जारी करने से क्यों बचा जा रहा है।

आपको बता दें कि यूथ कांग्रेस के चुनाव 28 फरवरी से शुरू हुए जो कि 3 अप्रेल तक चले थे। एप के जरिए ऑनलाइन वोटिंग हुई। चुनाव प्रक्रिया के तहत वोटिंग होने के बाद कांग्रेस आलाकमान सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले टॉप 5 प्रत्याशियों के इंटरव्यू लेंगे। इंटरव्यू के बाद यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष का ऐलान होता है। प्रत्याशियों को मिले वोट की संख्या सामने आ चुकी है। जैसे ही पता चला कि अभिमन्यु पूनिया सबसे ऊपर हैं तभी दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले सुधीन्द्र मूंड और यशवीर सूरा ने वोट काउंटिंग में गड़बड़ी के आरोप लगा दिए। उनका कहना है कि उनके समर्थन में हुए लाखों वोटों को गलत तरीके से रिजेक्ट कर दिया गया। इन शिकायतों के कारण इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो पाई।राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में कांग्रेस नहीं चाहती की यूथ विंग में कोई विवाद हो। सभी युवा नेताओं को साथ लेकर चलने की कवायद में मंगलवार को यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने अभिमन्यु पूनिया, सुधीन्द्र मूंड और यशवीर सूरा तीनों प्रत्याशियों को यूथ कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की घोषणा की। जब तक इंटरव्यू प्रक्रिया नहीं होती तब तक तीनों नेता मिलकर काम करेंगे। इन्हें अलग अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।

गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है जब यूथ कांग्रेस के चुनाव में भी फर्जीवाड़े के आरोप हैं। तीन साल पहले भी यूथ कांग्रेस के चुनाव में फर्जीवाड़े के आरोप लगे थे।पार्टी की ओर से पहले सुमित भगासरा को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष घोषित किया। बाद में शिकायतें मिली कि ऑनलाइन वोटिंग में हेराफेरी हुई है। जांच के बाद दोबारा से परिणाम घोषित किया गया जिसमें सुमित भगासरा के चयन को रद्द करके विधायक मुकेश भाकर को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष घोषित किया गया। जुलाई 2020 में जब सचिन पायलट समर्थित विधायकों ने बगावती तेवर अपनाए थे तब कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के सभी पदाधिकारियों की नियुक्तियों को रद्द कर दिया था। बाद में विधायक गणेश घोघरा को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। फिलहाल अब यूथ कांग्रेस का विवाद कब थमेगा, ये तो आने वाला समय ही बताएगा। आपका इसे लेकर क्या कहना है,कॉमेंट बॉक्स में हमें लिखकर बता सकते हैं।

3-3 Working President in Youth Congress, Abhimanyu Poonia said – ‘I will work as an activist!

    follow google newsfollow whatsapp